भीमपुरा। थाना क्षेत्र के कसेसर बाजार में सोमवार की शाम उचक्कों ने एक सेवानिवृत शिक्षक के पॉकेट से 15 हजार रुपये और सब्जी खरीद रहे एक युवक का मोबाइल उड़ा लिया। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने पूछताछ की।
सेवानिवृत शिक्षक ढोढ़ा राम निवासी चरौव्वा थाना भीमपुरा सोमवार को नगरा थाना क्षेत्र के ताड़ीबडा गांव स्थित बैंक से 15 हजार रुपये निकालकर घर जा रहे थे। कसेसर बाजार में एक मिठाई की दुकान पर बैठकर नाश्ता करने लगे। रुपये पॉकेट में रखे थे। नाश्ता करते समय दो युवक आकर उनके बगल में बैठ गए। इस बीच मौका पाकर रुपये निकाल लिए। शिक्षक ने पॉकेट चेक किया तो रुपये नहीं थे। आरोपी बाइक से भाग गए। उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
अभी इस घटना की बाजार में चर्चा हो ही रही थी कि सब्जी खरीद रहे कसेसर निवासी रंजीत गोंड का मोबाइल उचक्के लेकर भाग निकले। व्यापारियों का कहना है कि कसेसर बाजार में उचक्कों का गिरोह है। थानाध्यक्ष हितेश कुमार ने बताया कि पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। संवाद