वाराणसी रेल मंडल के आला अफसरों की टीम ने बुधवार को बलिया, सागरपाली, फेफना तथा चितबड़ागांव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर मिलने वाली सुविधाओं की रिपोर्ट तैयार की। फेफना के भाजपा विधायक उपेंद्र तिवारी ने निरीक्षण के दौरान सभी स्टेशनों पर व्याप्त समस्याओं को क्रमवार गिनाया। विधायक ने कहा अधिकारियों से कहा कि अपनी रिपोर्ट में समस्याओं को जरूर दिखाइए। इस पर रेल राज्यमंत्री से बातचीत की जाएगी।
मंडलीय रेल अधिकारियों की टीम में सीनियर डीएन राहुल श्रीवास्तव, मंडलीय वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चंद्र जायसवाल, एईएन आनंद वर्धन सहित अन्य अधिकारियों की टीम के जिला मुख्यालय पहुंचते ही विधायक उपेंद्र तिवारी उन्हें सबसे पहले पश्चिमी रेलवे क्रासिंग पर ले गए। बार-बार लगने वाले जाम के मद्देनजर विधायक ने ओवरव्रिज के नीचे कराए गए बाउंड्रीवाल को हटाकर रेलवे फाटक लगाने की मांग रखी।
इसके बाद सागरपाली रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां पर विधायक उपेंद्र तिवारी ने यात्रियों को बैठने के लिए शेड की व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही शुद्ध पेयजल के लिए आरओ सिस्टम लगाने की बात रखी। इसके बाद कपूरी रेलवे क्रासिंग के बगल से गांव में जाने के लिए बने सड़क को दिखाते हुए इस सड़क को भी रेलवे द्वारा बनाने की बात रेल अफसरों ने विधायक ने कही।
फेफना संवाददाता के मुताबिक फेफना जंक्शन पर मंडलीय रेलवे अधिकारियों के साथ पहुंचे विधायक उपेंद्र तिवारी ने यात्री सुविधाओं को बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि यह जंक्शन तब का है जब कि छोटी लाइन की ट्रेनें चलती थी। बड़ी लाइन होने के बाद भी जंक्शन का विकास नहीं हो सका। ऐसे में स्टेशन के प्लेटफार्म को ऊंचा करने की जरूरत है। वहीं पीने के लिए शुद्ध पेयजल, बैठने के लिए कुर्सियां और ओवरब्रिज की मरम्मत करने का मुद्दा रखा। कहा कि आप पूरी बात रिपोर्ट में अंकित कर सकते हैं, जो भी स्टीमेट होगा उसे रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा से बातचीत कर पूरा कराया जाएगा।
वहीं चितबड़ागांव संवाददाता के मुताबिक रेल अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन के साथ समपार का निरीक्षण किया। इस दौरान नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि आदित्य नारायण ने रेल अधिकारियों को बताया कि आमदनी के हिसाब से इस रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं की बढ़ोत्तरी नहीं की गई। इस स्टेशन से पहले एक-एक वैैगन प्रतिदिन मसूर की दाल तैयार होकर गैर प्रांतों में जाता था।
यहां पर भी यात्री सुविधाओं के मद्देनजर पीने के शुद्ध पेयजल, आरक्षण काउंटर के साथ ही यात्रियों के बैठने के लिए शेड लगाने का प्रस्ताव रखा गया। चितबड़ागांव में एक प्रवेश करने के लिए एक अंडरपास निर्माण की बात अफसरों के समक्ष रखी गई। जिसपर सीनियर डीएन राहुल श्रीवास्तव ने मानपुर रेलवे क्रासिंग को बंद करने के लिए प्रशासन से अनुमति िदलाने की बात कही।