रामगढ़। जिलाधिकारी श्रीहरि प्रताप शाही व अपर जिलाधिकारी राम आसरे के आदेश के बावजूद भी आज तक सदर व बैरिया तहसील के कई गांव के किसानों को अतिवृष्टि व जलभराव के कारण नष्ट हुए फसलों का मुआवजा नहीं मिल पाया।
बताया जाता है कि दो सितंबर 2020 को कांग्रेस नेता विनोद सिंह ने जिलाधिकारी को पत्रक देकर मांग किया था कि जलभराव से नष्ट हुए फसलों का मुआवजा संबंधित गांव के किसानों को दिया जाए। इसके लिए जिलाधिकारी ने सदर व बैरिया उप जिलाधिकारी निर्देश जारी करते हुए कहा था कि जिन किसानों की फसल अतिवृष्टि व जलभराव के कारण नष्ट हो गई है, उन किसानों के फसलो का सर्वे कृषि निवेश योजना के तहत कर रिपोर्ट प्रस्तुत किया जाए। इसके बाद एसडीएम सदर राजेश कुमार यादव व बैरिया प्रशांत कुमार नायक ने अपने अपने क्षेत्र के राजस्व निरीक्षकों को निर्देशित किया कि जहां पर भी अतिवृष्टि जलभराव के कारण फसल का नुकसान हुआ है उसका तत्काल सर्वे कर रिपोर्ट दें। लेकिन पांच माह बाद भी डीएम का यह निर्देश धरातल पर नहीं उतरा। इस बाबत उप जिलाधिकारी बैरिया प्रशांत कुमार नायक ने बताया कि सभी राजस्व निरीक्षकों को सर्वे करने का निर्देश दिया गया है, जल्द ही सर्वे रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी जाएगी।