बैरिया। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की द्वितीय सत्र की परीक्षा की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। परीक्षा 24 से 31 जनवरी के मध्य आयोजित की जाएगी। इस संबंध में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी के तरफ से सभी प्रधानाध्यापकों को आदेश दिया गया है।
परीक्षा का आयोजन विद्यालय स्तर पर ही किया जाएगा। इसमें दिसंबर माह तक पूर्ण किए गए पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे, इन्हें तैयार करने की जिम्मेदारी स्कूल के प्रधानाध्यापक या प्रभारी प्रधानाध्यापक की होगी। परीक्षा के दौरान होने वाले सभी आवश्यक खर्चों का भुगतान विद्यालय में उपलब्ध कंपोजिट ग्रांट से किया जाएगा। शिक्षकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि मूल्यांकन का कार्य कक्षाध्यापक और विषय अध्यापकों की ओर से समय पर पूरा कर लिया जाए। परीक्षा से जुड़े सभी अभिलेख स्कूल में सुरक्षित रखे जाएं। परीक्षा संपन्न होने के बाद स्कूलों को एक निर्धारित तिथि पर अभिभावकों को आमंत्रित करना होगा ताकि उन्हें बच्चों की प्रगति रिपोर्ट से अवगत कराया जा सके। सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी पंकज कुमार मिश्र ने बताया कि इस पूरी परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी और सफल संचालन का उत्तरदायित्व स्कूल स्तर पर प्रधानाध्यापक का होगा।