बलिया। हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित एसकेएसआई इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में तीन गोल्ड व तीन सिल्वर प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों का बुधवार को सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल प्रांगण में सम्मानित किया गया। प्रबंधक नवीन राय व प्रिंसिपल डा. अंजली धर ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रिंसिपल डा. अंजली धर ने बताया कि बच्चों ने सिर्फ विद्यालय परिवार का नहीं, बल्कि जिले का भी नाम रोशन किया है। इस दौरान खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय कोच राजीव कुमार राय को दिया। प्रतियोगिता के क्रम में यश यादव ने नेपाल के खिलाड़ी को 8-0 से हराकर गोल्ड पर कब्जा जमाया। वहीं ज्योर्तिआदित्य ने कंबोडिया के खिलाड़ी को 8-0 से हराकर गोल्ड जीता। इसी क्रम में लड़कियां भी कहीं से पीछे नहीं रही और खुशी सिंह ने नेपाल के खिलाड़ी को 8-1 से मात देकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इसके अलावा फजीलत, रूद्र और खुशी सिंह को सिल्वर मेडल प्राप्त हुआ। जबकि प्रणवकांत को दो ब्रोंज, अर्नव को दो ब्रोंज, आयुष गो ब्रोंज, मयंक, तनय राय एवं ओमजी राय ने ब्रोंज मेडल प्राप्त हुआ। उपरोक्त सारे खिलाड़ियों को वर्ल्ड कराटे फेडरेशन के रेफरी व अपने जीवन का 50 साल कराटे के क्षेत्र में खपाने वाले जापान के सेंसई मुनिरो कंजवा ने अपने कर कमलों से पुरस्कार से नवाजा। राजीव कुमार राय ने कहा कि जल्द ही ओलंपिक खेलों में कराटे को शामिल किया जायेगा। जिसके बाद इस क,षेत्र में ख्याति प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो जायेगा। प्रबंधक नवीन राय ने बताया कि पढ़ाई के साथ खेल में भी बच्चे अपना भविष्य संवार सकते हैं, बशर्ते उनके पास हुनर हो। कार्यक्रम के अंत में प्रिंसिपल ने सबके प्रति आभार प्रकट किया।