तीन दिनों से भुगतान के लिए बैंक का चक्कर काट रहे उपभोक्ताओं का सब्र टूट गया। शनिवार को नगर के सेंट्रल बैंक आफ इंडिया में दोपहर तक इंतजार के बाद भी पैसा निकासी न होने उपभोक्ताओं ने जमकर हंगामा किया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो कर्मचारियों से कुछ उपभोक्ताओं की नोकझोंक भी हुई। कुछ लोगों के समझाने पर उपभोक्ता शांत हुए और कर्मचारियों को कोसते वापस लौट गए।
बैंक कर्मचारियों के अनुसार दो दिनों से लिंक फेल होने के कारण लेनदेन प्रभावित था। शनिवार को उपभोक्ताओं की अधिक भीड़ हो गई। सुबह से उपभोक्ता बैंक पर जमा हो गए थे। इसी बीच कर्मचारियों ने उन्हें पैसा निकासी के लिए फार्म सत्यापित कर कतार में खड़ा करा दिया। लोग सुबह दस बजे से ही खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच दोपहर 12 बजे के बाद कैशियर ने शनिवार का हवाला देकर काउंटर बंद कर दिया। उपभोक्ताओं को वापस करने लगे। इस पर उपभोक्ता नाराज हो गए।
उपभोक्ताओं ने शाखा प्रबंधक नंदलाल जायसवाल से शिकायत की लेकिन उन्होंने कर्मचारियों को अपने वश में न होने की बात कहकर टरका दिया। इसके बाद बैंक में हंगामा होने लगा। पैसे के लिए कतार में खड़ी विद्यावती देवी, नीता यादव, शीला देवी, भुपेंद्र यादव, सुनील, दशरथ, रमावती देवी, उर्मिला देवी आदि दर्जनों उपभोक्ताओं ने बताया कि तीन दिनों से बैंक का चक्कर लगा रही हैं। इस संबंध में शाखा प्रबंधक नंदलाल जायसवाल ने बताया कि शाखा के कर्मचारी वश में नहीं हैं।