बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बृहस्पतिवार को सदर तहसील का निरीक्षण किया। ऑपरेटर की ओर से उद्धरण खतौनी की नकल देने के लिए लोगों से 20 रुपये शुल्क लेने की शिकायत पर नाराजगी प्रकट की। ऑपरेटर के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद के किसी भी तहसील में शासन से निर्धारित से अधिक शुल्क आमजन से लिया जाता है तो संबंधित ऑपरेटर एवं तहसीलदार के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। खतौनी की नकल के लिए निर्धारित शुल्क 15 रुपये है। इससे अधिक न दिया जाए। उन्होंने रजिस्ट्रार कानूनगो कक्ष के निरीक्षण के दौरान अपने पटल में न बैठकर अन्य कक्ष में बैठा पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की।
रजिस्टर कानूनगो सहदेव प्रसाद के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई तथा अनुपस्थिति रजिस्ट्रार कानूनगो राजेश कुमार का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया। नायब नाजिर कक्ष में गैर सरकारी व्यक्ति पाए जाने पर भी नाराजगी प्रकट की। पूर्ति कार्यालय के निरीक्षण के दौरान अभिलेखों को अव्यवस्थित ढंग से नहीं रखा पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की।
जिला निर्वाचन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उपस्थित कार्मिकों से किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। न्यायालय उप जिलाधिकारी, न्यायालय तहसीलदार एवं न्यायालय नायब तहसीलदार आदि का निरीक्षण किया। तहसील परिसर में अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े पाए जाने पर नाराजगी प्रकट की।