बलिया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी का शनिवार की देर शाम को पार्थिव शरीर पहुंचते ही सपा कार्यकर्ता व नेताओं की आंखें नम हो गईं। जब तक सूरज चांद रहेगा रामगोविंद का नाम रहेगा के नारे लगते रहे।
लखनऊ से पार्थिव शरीर शहर में जगदीशपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचा। उसके बाद सिविल लाइन स्थित सपा कार्यकर्ता व नेताओं ने एंबुलेंस में ही उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान काफी संख्या में कार्यकर्ता व नेता मौजूद रहे। उसके पार्थिव शरीर के साथ उनके पुत्र रंजीत चौधरी समेत अन्य मौजूद थे।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में पूर्व मंत्री अंबिका चौधरी, विधायक जय प्रकाश अंचल, नीरज सिंह गुड्डू, सुशील पांडेय कान्ह जी, अरविंद गिरि, वीरबल राम, कामेश्वर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यहां से पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव गोसाईपुर के लिए निकल गया। बीच-बीच में सपा कार्यकर्ताओं ने अपनी श्रद्धांजलि दी।
फेफना। पूर्व मंत्री रामगोविंद चौधरी का पार्थिव शरीर सागरपाली स्थानीय चट्टी पहुंचा, उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुराने मित्रों, समर्थकों और क्षेत्रीय लोगों ने उनके अंतिम दर्शन कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान लोगों ने उनके सामाजिक सरोकारों और जनसेवा से जुड़े कार्यों को याद किया।
इस मौके पर वंश बहादुर सिंह, भैया झुलन सिंह, रवींद्र पांडेय, बलवंत सिंह डॉ ओम प्रकाश यादव, भैया अदालत सिंह, डबल सिंह, बाबू सिंह,बिजली यादव, मुन्ना यादव, राजेंद्र पासवान, सहित अन्य क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।