कलेक्ट्रेट परिसर स्थित आरओ प्लांट पर पानी पीने के लिए लगी लोगों की भीड़।संवाद
बलिया। जिले में बुधवार को उमस भरी गर्मी व चिलचिलाती धूप से लोग झुलसते रहे। पिछले पांच दिनों से अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार चल रहा है। पुरवा हवा के कारण उमस से लोग परेशान हैं।
धूप व तपिश का आलम यह है कि दोपहर बाद सड़कों पर पूरी तरह सन्नाटा पसर जा रहा है। बुधवार को बाजारों में दोपहर में भीड़ कम दिखाई दी। सुबह से उमस भरी गर्मी का दौर शुरू गया। दोपहिया वाहनों पर सवार लोग सिर से पांव तक पूरी तरह अपने आपको ढंके नजर आ रहे है। तन झुलसाती धूप व तपिश से चढ़े पारे के चलते लोग बेहाल है। गर्मी के साथ ही बिजली की कटौती लोगों पर दोहरी मार कर रही है।
बुधवार को अधिकतम तापमान 40.5 व न्यूनतम 28.5 डिग्री सेल्सियस था। गांधी महाविद्यालय के मौसम विशेषज्ञ प्रो. सुरेश सिंह ने तापमान में और वृद्धि होने का अंदेशा व्यक्त किया है। भीषण गर्मी का दौर अभी जारी रहेगा। अस्पताल में आने वाले मरीजों की संख्या भी 40 प्रतिशत बढ़ गई है। इनमें उल्टी-दस्त, पेट दर्द, डिहाइड्रेशन व बुखार के मरीज अधिक हैं।
72 घंटे से सहोदरा क्षेत्र में बिजली कटौती
भीषण गर्मी के बीच दो दिन से सहोदरा में जला 63 केवीए का ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। इससे लगभग चार हजार की आबादी 72 घंटे से इस भीषण गर्मी में अंधेरे में है। बिजली विभाग केवल लोगों को आज बदलने की बात कर रहा लेकिन यह केवल आश्वासन तक ही सीमित रह जा रहा है। सचिन पाठक ने बताया कि पानी संग इलेक्ट्रानिक्स सामान बेकार हो गए है। डीजल के अभाव में जनरेटर भी नहीं चल पा रहा है। बिजली अधिकारियों से संपर्क करने पर मोबाइल तक नहीं उठा रहे हैं।
इस तरह चढ़ रहा तापमान
तिथि-अधिकतमन्यूनतम
15 मई-39.825.5
16 मई-40-26
17 मई-41-27
18 मई-41-28.5
19 मई-40.5-29
20 मई-40.5-28.5