मंगलवार को सिकंदरपुर तहसील में जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल की अध्यक्षता में मुख्य तहसील दिवस आयोजित की गई। इसमें कुल 259 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिसमें से 26 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के निपटारा के लिए संबंधित विभाग को सुपुर्द कर दिया गया। इस दौरान खामियां पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कई अधिकारियों को फटकार लगाई वहीं शिकायतों के निस्तारण के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। लिलकर की दर्जनों महिलाओं ने क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के िख्ालाफ कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर
एसपी ने सीआे व प्रभारी थानाध्यक्ष को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस दौरान लिलकर निवासी सुरसतिया देवी राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ 2013-14 से अब तक न मिलने की शिकायत जिलाधिकारी से की। इसको गंभीरता से लेेते हुए डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी को फटकार लगाई। वहीं मझवलिया निवासी हरेराम साहनी ने अनुसूचित जाति के नाम पर आवंटित 87 आवास को पिछड़ी जाति में वितरण करने का मुद्दा उठाया। इस पर जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को जांचकर दोषियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराने का आदेश दिया। वहीं बनकटा निवासी राजेंद्र यादव ने हाईकोर्ट का स्थगन आदेश के बाद भी शिक्षामित्र को मानदेय देने का आरोप बेसिक विभाग के अधिकारियों पर लगाया।
इस पर जिलाधिकारी ने बीएसए एवं एबीएसए को कड़ी फटकार लगाते हुए न्यायालय का आदेश का पालन व मानदेय रिकवरी करने का आदेश दिया। नेत्रहीन फूलमति देवी ने बीडीओ मनियर पर आवास और शौचालय अब तक उपलब्ध न कराने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए बीडीओ को फटकार लगाते हुए तत्काल आवास और शौचालय उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के कटघरा निवासी नटवर प्रधान ने गांव के दबंगों के खिलाफ मकान कब्जा करने की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थानाध्यक्ष को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने तहसील दिवस के लंबित मामले का त्वरित निस्तारण का निर्देश तथा शासन के मंशानुसार योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने की बात मौजूद अधिकारियों से कही। अंत में जिलाधिकारी ने आधा दर्जन किसानों को दवा छिड़कने वाली मशीनों को वितरण किया। मौके पर पुलिस अधीक्षक राजू बाबू सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी पीके सिंह, जिलापूर्ति रामेंद्र यादव, उपनिदेशक कृषि टीपी शाही, जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव, उपजिलाधिकारी घनश्याम त्रिपाठी, सीआे राजाराम यादव, तहसीलदार गुलाम सरोवर आदि मौजूद रहे।