बलिया रेलवे स्टेशन के सामने शुक्रवार की सायं पूर्व मंत्री एवं बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र से बसपा के प्रत्याशी घूरा राम तथा उनके चालक की गुस्साई भीड़ ने पिटाई कर दी। घूरा राम की स्कार्पियो और एक ट्रक की हल्की रगड़ के बाद मामला बढ़ गया था। बाद में शहर कोतवाल ने मामले को शांत कराया।
पुलिस ने ट्रक और स्कार्पियो को कब्जे में ले लिया है।
घूरा राम चित्तू पांडेय चौराहे से रेलवे स्टेशन की तरफ जा रहे थे। तभी उनकी स्कार्पियो एक ट्रक से रगड़ खा गई। इससे गुस्साए घूरा राम के चालक तथा गनर ट्रक चालक को पीटने लगे। यह देख आसपास के लोग गुस्से में आ गए और चालक और गनर को दौड़ा लिया।
उनके भाग जाने पर भीड़ ने पूर्व मंत्री को गाड़ी से खींच लिया और पीटना शुरू कर दिया। इस बीच किसी ने शहर कोतवाली में फोन कर दिया। मामला शांत कराने के बाद पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई जहां उनसे पुलिस ने पूछताछ की। पूर्व मंत्री ने कहा कि हमलावरों के विरुद्ध तहरीर दी जाएगी। शहर कोतवाल अजय राय ने देर शाम बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक केसी गोस्वामी ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी।