सुखपुरा (बलिया)। थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में काली मंदिर से पीतल जड़ित व सोने की आंख लगी पिंडी चोरी के 24 घंटे बाद ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह बरामद कर लिया।
गड़वार थाना क्षेत्र के खरहाटार गांव के एक मंदिर के समीप लावारिस हालत में कपड़े में लिपटी पिंडी पड़ी थी। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो मौके पर भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस व भोजपुर के ग्रामीण पहुंच गए। पिंडी में लगा पीतल तो सही सलामत है लेकिन सोने की दोनों आंखों में से एक आंख का सोना निकाल लिया गया है।
गांव वालों ने पिंडी को लाकर मंदिर में रख दिया है। खंडित मूर्ति की स्थापना नहीं की जाती दूसरी पिंडी स्थापित करने के लिए शुभ मुहूर्त हेतु विद्वान ब्राह्मणों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है। ग्रामीणों के तहरीर देने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी। थानाध्यक्ष सुखपुरा रत्नेश दुबे ने बताया कि भोजपुर गांव के नागरिकों के अनुरोध पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।