बलिया। शहर के मवेशी अस्पताल रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान की हटाने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को दूसरे दिन भी मोहल्लावासियों को अनशन जारी रहा। मोहल्लावासियों ने छह अप्रैल से आमरण अनशन करने की चेतावनी दी है।
इस दौरान अनशन पर बैठे सागर सिंह राहुल ने कहा कि जिला प्रशासन अगर शराब की दुकान हटाने में अक्षम है तो मंदिर में स्थापित मूर्ति को विसर्जित करते हुए मंदिर को ही हटा दे। ताकि पूजा अर्चना करने आने वाले लोग महफूज हो सकें। कहा कि शराब की कंपोजिट दुकान के कारण राहगीरों तथा मोहल्लेवासियों को भारी उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है साथ ही मोहल्लवासियों के माताएं-बहनों को श्री पंचमुखी हनुमान मन्दिर में पूजन-अर्चन करने में भी परेशानी हो रही है। इस अवसर पर सुशील कुमार,मंटू लाल श्रीवास्तव, गोपाल कृष्ण, मुनु गिरी राजेंद्र प्रसाद गुप्ता आदि रहे।
दुकान स्थानांतरित करने को लेकर सौंपा पत्रक : नरही थाना क्षेत्र के कोरंटाडीह-सरया के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी व आबकारी अधिकारी को पत्रक देकर शराब की दुकान के अनुज्ञापी पर आबादी और मंदिर के करीब दुकान खोलने का आरोप लगाया है। पत्रक में ग्रामीणों ने उल्लेख किया विगत दिनों में हुए टेंडर के बाद ठेकेदार द्वारा पूर्व के स्थान के बजाय दुकान को आबादी और गंगा घाट, दुर्गा मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर और मंगला भवानी जाने वाले रास्ते पर स्थानांतरित कर खोल दिया गया है। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पूर्व की स्थान पर दुकान खोलने का निर्देश देने की मांग की है। पत्रक देने वालों में मुख्य रूप से शिवाक्द तिवारी, अनिल कुमार, अमरेश कुमार दुबे, गोपाल यादव, राधेश्याम चौधरी, विकास कुमार आदि शामिल रहे।
निजी स्कूल के पास दुकान खोलने का विरोध : परमानंदापुर में खुली देसी शराब की दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने डीएम को शिकायती पत्र सौंपा। ग्राम प्रधान जलालुद्दीन एवं उमरगंज के प्रधान इसरार खान समेत ग्रामवासीयों ने जिला अधिकारी को पत्रक सौंपा एवं मांग किया कि गांव अंतर्गत गड़वार रोड पर एक निजी स्कूल के पास देशी शराब की दुकान खुल गई है, जिससे वहां शराबियों का जमावड़ा रहता है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस दौरान भाजपा नेता आरती सिंह, जाकिर हुसैन, राशिद कमाल, साजिद कमल, जुनेद आलम, नसीम खान, वीर आदि मौजूद रहे।
-