नरहीं। बक्सर-भरौली के बीच गंगा नदी पर तीन लेन के नए पुल के निर्माण को लेकर वीर कुंवर सिंह सेतु को बंद करने की मांग ने बक्सर और भरौली के लोगों को सकते में डाल दिया है। अब सबकी निगाहें भरौली गोलम्बर से गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर के आगे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले के लिए बन रहे ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे पर टिकी है, लेकिन इसका निर्माण भी पूरा होने में अभी समय लग सकता है। इससे स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ी हुई है।
निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे को अप्रैल माह में ही पूरा करने का दावा किया गया था। एक्सप्रेस-वे पर पर भारी वाहनों की आवाजाही, निर्माण कार्य में लगे वाहनों में डीजल की कमी के कारण अब यह अप्रैल में पूरा नहीं हो पाएगा। इसके पूरा होने अब अगस्त-सितंबर का समय लग सकता है। निर्माण कार्य की कार्यदायी संस्था बाबा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रोजेक्ट कोआर्डिनेटर पवन दुबे ने बताया कि पैकेज 4 पर बाबा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड की ओर से फोरलेन सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है। अभी से ही इस पर भारी वाहनों के आवागमन और डीजल की कमी होने के कारण निर्माण कार्य में विलंब हो रहा है। 263 करोड़ की लागत से 17.2 किलोमीटर लंबे ग्रीनफील्ड लिंक एक्सप्रेस वे का निर्माण कार्य 18 सितंबर 2023 से शुरू हुआ था। इस पर छोटे-बड़े 22 पुल का निर्माण कार्य किया गया है। एक रेलवेब्रिज भी शामिल हैं।
वहीं, बक्सर-भरौली के बीच गंगा नदी पर बन रहे तीन लेन पुल निर्माण में लंगी कंपनी के प्रोजेक्ट हेड संजय कुमार ने बताया कि वीर कुंवर सिंह सेतु को बंद करने के लिए बलिया और बक्सर प्रशासन को लिखित रूप से लिखा गया है। क्योंकि एलाइनमेंट वीर कुंवर सिंह सेतु पर पहुंच रहा है। पुल बंद होने के बाद ही नए पुल का निर्माण कार्य सुचारू रूप से हो पाएगा। अभी हल्के वाहनों का आवागमन वीर कुंवर सिंह सेतु से ही होता है। 17 मई 2023 को चालू दूसरे पुल से सिर्फ भारी वाहनों का आवागमन होता है। सबसे बड़ी चुनौती यह है कि पुराना पुल बंद होने से पुल पर वाहनों का दबाव और बढ़ जाएगा। इसका नतीजा यह होगा कि बक्सर और भरौली भीषण जाम के गिरफ्त में रहेगा।