बलिया। लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। महापर्व को लेकर जिले में उत्साह चरम पर है। घरों से लेकर बाजारों और घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिले के 1172 छठ घाटों पर साफ-सफाई और सजावट के बाद पूजा वेदी बनाने का काम शुरू हो गया है। वहीं, बाजारों में फल, नारियल, गन्ना, सूप और दउरा की खरीदारी के लिए भीड़ उमड़ रही है। नहाय-खाय के दिन व्रती स्नान के बाद कद्दू-भात और चने की दाल का प्रसाद तैयार कर पर्व की शुरुआत करेंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में स्वच्छता और पवित्रता का विशेष महत्व है।
जिला प्रशासन और पंचायतीराज विभाग की ओर से जिले के 1172 छठ घाटों पर साफ-सफाई और सजावट कराई जा रही है। तालाबों की सफाई के बाद पूजा वेदी बनाने का काम शुरू हो गया है। नगर पालिका अध्यक्ष संत कुमार उर्फ मिठाई लाल ने शहर के छठ घाटों का निरीक्षण कर पूजा समितियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। इस बार घाटों के माध्यम से सूर्योपासना के साथ प्रकृति संरक्षण और सामाजिक समानता का संदेश देने की भी पहल की जा रही है।
ज्योतिषाचार्य डॉ. अखिलेश कुमार उपाध्याय ने बताया कि छठ प्रकृति, सौर ऊर्जा और लोक आस्था के समन्वय का कठिन अनुष्ठान है। यह संतान की दीर्घायु, कुल वृद्धि और आरोग्यता की कामना के लिए किया जाता है। इस वर्ष 13 से 16 तारीख तक रवि योग और सुकर्मा योग के शुभ संयोग में महापर्व संपन्न होगा। यह प्रत्यक्ष देव भगवान भास्कर और षष्ठी देवी के प्रति अटूट श्रद्धा का प्रतीक है।
आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु कर्नाटक से मंगाए जा रहे फल
बलिया। छठ के लिए बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। शहर के परिखरा स्थति थोक मंडी में फलों की आवक तेज हो गई है। फलमंडी फलों से लदे वाहनों से खचाखच भरी है। फल कारोबारी वकील ने बताया कि छठ पर्व पर बिक्री के लिए आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, कर्नाटक से फल लदे वाहन आ रहे हैं। इस बार नारियल 40 से 50 रुपये प्रति पीस बिक रहा है। अच्छी गुणवत्ता का सेब 80 से 100 रुपये प्रति किलो है। पंजाब से आया कीनू थोक में 30 से 40 रुपये प्रति किलो और नासिक व गुजरात का अनार 120 से 150 रुपये प्रति किलो बिक रहा है।।
बेल्थरारोड में भी घाटों पर तैयारियां तेज
बेल्थरारोड में भी छठ पूजा घाटों को सजाया जा रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश कुमार गुप्त ने रामलीला मैदान स्थित बिचला पोखरा, नवकापूरा के दो घाटों, बिठूआ गली और पश्चिम पोखरा का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि घाटों पर पंडाल, प्रकाश और व्रती महिलाओं के लिए सुविधाओं की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। विद्युत झालरों से घाटों को सजाया जा रहा है। वहीं, पूजा वेदी बनाने और पूजन सामग्री की खरीदारी का सिलसिला भी तेज हो गया है।
नगर के शहीद पार्क चौक में छठ पर्व के लिए फलों की खरीदारी करते लोग।संवाद