बलिया। बंसतपुर स्थित जेएनसीयू (जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय) के दीक्षांत समारोह और बांसडीह में एक कार्यक्रम में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आएंगी। सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट है। सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा।
हेलिपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक उनकी सुरक्षा अभेद्य रहेगी। रास्ते में लगे सीसी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी। बिना पास के कार्यक्रम स्थल पर किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
एएसपी दक्षिणी कृपाशंकर ने बताया कि सुरक्षा को लेकर दो अपर पुलिस अधीक्षक, सात सीओ, 25 थाना प्रभारी, 13 इंस्पेक्टर, 150 उपनिरीक्षक, 500 पुलिसकर्मी और पीएसी की एक कंपनी तैनात रहेगी। सुरक्षा के दृष्टी से वाहनों का रूट डायवर्ट रहेगा।
पुलिस लाइन हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बसंतपुर में आगमन व प्रस्थान के समय टीडी काॅलेज चौराहा सिविल लाइन से जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों (दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया) को रोडवेज तिराहा से गड़वार की डायवर्ट किया जाएगा।
टीडी काॅलेज चौराहे से मिढ्ढी, एनसीसी तिराहा, तीखमपुर रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। सुखपुरा की तरफ से बसंतपुर की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के वाहनों को सुखपुरा चौराहे से गड़वार रोड की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। बेरुआरबारी की तरफ से आने वाले वाहनों को सुखपुरा, गड़वार की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।