बलिया। हल्दी थाना क्षेत्र निवासी की एक व्यक्ति की 15 वर्षीय बेटी किसी बात पर नाराज होकर बुधवार को घर से निकल गई। सूचना पर पुलिस ने आठ घंटे में ही बालिका को ढूंढ कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस का आभार जताया है।
थाना हल्दी के एक गांव निवासी महिला ने थाने पर बुधवार को पुलिस को लिखित सूचना दी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री घर से नाराज होकर कहीं चली गई है। पुलिस ने तीन टीमें गठित कर आपरेशन मुस्कान के तहत गायब लड़की की तलाश शुरू की। सर्विलांस टीम की मदद ली गई। रात करीब 11.30 बजे बालिका ने अपने भाई के मोबाइल पर फोन करके बताया कि वह उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ कर मुंबई जा रही है। थानाध्यक्ष हल्दी आरके सिंह ने उपनिरीक्षक अमरजीत यादव के नेतृत्व में टीम को प्राइवेट वाहन से जौनपुर भेजा। प्रभारी जीआरपी जौनपुर से संपर्क किया गया। बालिका की लोकेशन के आधार पर जीआरपी शाहगंज ने बालिका को स्टेशन पर ही उतरवा लिया। इसके बाद हल्दी पुलिस उसे थाने पर लेकर आई। बालिका को उसकी मां और भाई के सुपुर्द कर दिया गया।