सिकंदरपुर क्षेत्र के बारापन्नो मौजा में निकल रहे गैस को अंगुली से दिखाता युवक तथा जुटी भ़ीड़।
थाना क्षेत्र के चकप्रेमा उर्फभटवाचक ग्रामसभा के बारापन्नो स्थित काली मंदिर के समीप स्थित तालाब के किनारे जमीन से अचानक गैस की गंध निकलने से ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। जानकारी होती ही लोगाें की भीड़ तालाब के किनारे जुट गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को वहां से दूरी बनाए रखने का निर्देश दिया। अधिकारी भी जमीन से गैस निकलने को लेकर अभी कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं।
तहसील क्षेत्र के चकप्रेमा उर्फ भटवाचक ग्रामसभा के बारा पन्नों मौजा स्थित कालीमंदिर के समीप बने तालाब के किनारे एक युवक शौच करने के लिए गया था। इसी बीच उसे गैस के रिसाव की गंध मिलने लगी। उसने तत्काल ग्रामीणों को सूचित किया। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजू पांडेय ने इसकी जानकारी सिकंदरपुर थानाध्यक्ष को दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष को भी गैस की गंध मिली, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी तहसील प्रशासन सहित उच्चाधिकारियों को दी। थोड़ी ही देर के बाद नायब तहसीलदार महेंद्र प्रताप और एसडीएम अनिल कुमार मिश्रा पहुंचे तथा लोगों से जानकारी ली। ग्रामीणों ने फावड़े से गड्ढा खोदकर बड़ा किया, जिसके बाद गैस और तेजी से निकलने लगी। रात होने के कारण उच्चाधिकारी घटना स्थल पर नहीं पहुंचे, लेकिन सुबह होते ही उच्चाधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए।
ग्राम प्रधान अनिता पांडेय ने बताया कि मौजा बारापन्नो में गैस निकलने की सूचना से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। एसडीएम अनिल कुमार मिश्रा का कहना है कि जमीन से निकल रही गैस की गंध की पहचान के लिए वैज्ञानिक को बुलाया गया है। इसके बाद ही स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। ग्रामीणों को पास न जाने की हिदायत दी गई है। एहतियातन पुलिसकर्मियों की तैनाती भी कर दी गई है।