कलेक्ट्रेट परिसर में तीसरे चरण के अंतिम दिन जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन करने वालों की होड़ सी लगी रही। सुबह से लेकर शाम तक पूरे दिन गहमागहमी की स्थिति के बीच कुल 93 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कई बार बढ़ती भीड़ की वजह से भगदड़ की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। पुलिस को लाठियां तक भांजनी पड़ीं।
हालांकि पुलिस बल की तैनाती कम होने के चलते दूसरे गेटों से भी लोग नामांकन स्थल तक पहुंचते नजर आए।
बुधवार को जिला पंचायत सदस्य के लिए कुल 93 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। जबकि तृतीय चरण के पहले दिन 151 नामांकन पत्र दाखिल किया गया था।
इस प्रकार कुल मिलाकर तृतीय चरण में कुल 244 प्रत्याशी मैदान में आ गए हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए सुबह में वार्ड नंबर 51 से उम्मीदवार सनक कुमार पांडेय समर्थकों के साथ नामांकन स्थल पर पहुंचे। नामांकन के बाद नारेबाजी करते हुए अपने क्षेत्र के लिए निकल गए।
इसी क्रम में वार्ड नंबर 44 से शीला सिंह, वार्ड नंबर 43 से सुधीर यादव, वार्ड नंबर 51 से अवधेश राय, पृथ्वीनाथ राय, समीर सिंह तथा भाजपा समर्थित उम्मीदवार मनोज पांडेय, वार्ड नंबर 46 से विजय गुप्त, वार्ड नंबर 53 से राजेश यादव, वार्ड नंबर 45 से संजय भारती, वार्ड नंबर 49 से कृष्णा प्रताप यादव, वार्ड नंबर 48 से भाजपा समर्थित उम्मीदवार चंदा सिंह पत्नी मन्नू सिंह, वार्ड नंबर 52 से रामदेई पत्नी बच्चा खरवार, वार्ड नंबर 44 से कुमुद सिंह, वार्ड नंबर 49 से पूनम पांडेय पत्नी डा. विजयानंद पांडेय सहित कुल 93 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया।