इंदरपुर। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज जर्जर सड़क की शिकायत के निस्तारण में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। ढेकवारी निवासी अंशू पांडेय ने आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग के क्षेत्रीय अवर अभियंता ने शिकायत के संबंध में वास्तविक सड़क का निरीक्षण करने के बजाय दूसरी सड़क का फोटो अपलोड कर रिपोर्ट भेज दी और शिकायत का निपटारा कर दिया।
अंशू पांडेय के अनुसार ढेकवारी-किशोरगंज मार्ग पर ब्रह्मस्थान से ककरी तक सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन विभागीय जांच में संबंधित सड़क के स्थान पर किसी दूसरी सड़क की फोटो लगाकर निरीक्षण आख्या प्रस्तुत कर दी गई। इस संबंध में क्षेत्रीय अवर अभियंता विजय प्रताप ने बताया कि गलती से दूसरी सड़क की फोटो अपलोड हो गई थी। संबंधित मार्ग को विशेष मरम्मत योजना वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कराने की प्रक्रिया चल रही है।
21 दिन में काम शुरू नहीं हुआ तो करेंगे अनशन
इंदरपुर। ढेकवारी निवासी अंशू पांडेय ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि ढेकवारी-किशोरगंज मार्ग पर ब्रह्म स्थान से ककरी तक करीब चार किलोमीटर सड़क को ठेकेदार ने खोदकर छोड़ दिया है। इससे क्षेत्रीय जनता, स्कूली बच्चों और राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल, जिलाधिकारी तथा उपजिलाधिकारी रसड़ा से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। कहा कि यदि 21 दिनों के भीतर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वह अनशन शुरू करेंगे।