दोकटी थाना क्षेत्र के धतुरी टोला गाव के समीप बगीचे में तोड़ पेड़ की डालियों को तोड़ता पागल हाथी ।
- फोटो : BALLIA
लगातार हार्न बजने से हाथी भड़का, पिकअप को गड्ढे में पलटा
बगीचों में घुसकर कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया, तीन घंटे तक मचाया उत्पात
स्थानीय युवकों ने बहादुरी दिखाते हुए महावत के सहयोग से हाथी को काबू में किया
संवाद न्यूज एजेंसी
जयप्रकाश नगर (बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र के धतूरी टोला गांव से बलराम सिंह के डेरा संपर्क मार्ग पर रविवार की दोपहर एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। लगातार हार्न बजने से भड़के हाथी ने पहले पिकअप को उठाकर गड्ढे में फेंक दिया फिर कार को निशाना बनाने जा रहा था तभी चालक कार लेकर भाग निकला। इससे अफरातफरी मच गई। इसके बाद तीन बगीचों में घुसकर उसने कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। हाथी ने करीब तीन घंटे तक उत्पात मचाया। सूचना पर पुलिस पहुंची। इसी दौरान स्थानीय युवकों ने बहादुरी का परिचय देते हुए महावत के साथ मिलकर हाथी पर काबू पाया। वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तब जाकर क्षेत्रवासियों को राहत मिली।
बैरिया कस्बा निवासी हरेंद्र सिंह के हाथी को दोकटी थाना क्षेत्र के धतूरी टोला गांव निवासी गुला मियां ने अपने घर पर रखा था। रविवार की दोपहर महावत गुला हाथी को लेकर बलराम सिंह के डेरा जाने वाले संपर्क मार्ग से चारा काटने जा रहा था। इसी समय सामने से आ रहे एक पिकअप को देख महावत ने हाथी को किनारे करना शुरू किया। तब तक पिकअप चालक लगातार हॉर्न बजाने लगा। इससे हाथी बेकाबू हो गया और पिकअप को उठाकर सड़क किनार गड्ढे में पलट दिया। हाथी को अनियंत्रित देख वहां अफरातफरी मच गई। इसके बाद हाथी एक कार की ओर बढ़ने लगा। यह देख कार चालक शामू ठाकुर कार किनारे खड़ी कर भाग गया। हाथी सटे गांव कर्ण छपरा के दक्षिणी छोर पर स्थित कुंजबिहारी सिंह के बगीचे में पहुंच गया और कई पेड़ों की डालियों को तोड़ डाला। वही सटे दो और बगीचों में भी कई पेड़ों को नुकसान पहुंचाया। लोगों ने वन विभाग और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच धतुरी टोला निवासी युवकों ने बहादुरी का परिचय देते हुए हाथी के महावत के साथ मिलकर उसे कब्जे में किया।