फेफना-चितबड़ागांव मार्ग स्थित टोंस नदी पुल से असंतुलित होकर गिरा ट्रक तथा मौके पर उपस्थित लोग
चितबड़ागांव/ फेफना। बलिया-भरौली राष्ट्रीय एनएच-31 पर फेफना और चितबड़ागांव के बीच टोंस नदी पुल पर शुक्रवार की सुबह हादसा हो गया। कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नदी में गिर गया। हादसे में ट्रक के खलासी पंकज यादव (25) निवासी लक्ष्मण चक्की जिला बक्सर बिहार की मौत हो गई।
वहीं, ट्रक चालक लाऊ खरवार (30) निवासी सेमरी बक्सर बिहार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फेफना थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंच केबिन तोड़वा कर चालक को निकलवा इलाज को जिला चिकित्सालय भेजवाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुल पर बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जुट गई।
थाना प्रभारी विश्वदीप सिंह ने बताया कि बिहार के सेमरी निवासी चालक लाऊ खरवार ट्रक पर कोयला लादकर रसड़ा की तरफ एक ईंट भट्ठा पर उतारने जा रहा था। भोर में करीब तीन बजे अचानक झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और पुल की रेलिंग तोड़ते हुए टोंस नदी में गिर गया। संवाद