बलिया। कार्तिक पूर्णिमा के दिन से शुरू होने वाले ऐतिहासिक ददरी मेला रंगत में आने लगा है। शुक्रवार को भी व्यापारी अपनी दुकानों को सजाने में जुटे रहें लेकिन अभी भी प्रकाश, उबड़-खाबड़ मार्ग व पेयजल की समस्याएं बनी हुई है। मेला को व्यवस्थित करने के लिए प्रशासनिक तंत्र लगा हुआ है। उम्मीद है कि रविवार तक मेला तैयार हो जाएगा। मेला क्षेत्र का मार्ग कुछ जगहों पर समतल किया गया है लेकिन अभी भी मार्ग ठीक न होने के कारण व्यापारियों को वाहन से सामान लेकर आने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मेले में लोग पहुंचने भी लगे हैं लेकिन खराब रास्ते उन्हें दर्द दे रहे हैं। मेले में प्रकाश के लिए विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। ऐसे में रात के अंधेरे में व्यापारियों को सुरक्षा की चिंता है। व्यापारी मनोज व पिंटू ने बताया कि प्रयास है कि संडे तक दुकानें तैयार कर लेंगे। मेले में अभी सुविधाओं का अभाव है। मेला मार्ग पर नगर पालिका परिषद का टैंकर फंसा गया था।
तैयार होने लगा मुख्य चौराहा
प्रशासन की तरफ से ददरी मेले में मुख्य चौराहा तैयार होने लगा है। चौराहों को आकर्षक बनाने के लिए मजदूर काम करते रहे। प्रशासन ने मुख्य चौराहे को बेहतर बनाने की योजना की है ताकि मेले में आने वाले लोगों को सुंदर लगे।
दो दिन में चालू होगा झूला
ददरी मेले में झूला खड़ा होने लगा है। 10 नवंबर तक हर हाल में चालू करने की तैयारी में संचालक लगे हैं। जलपरी के लिए ट्रक से जार पहुंच चुका है। सुनामी झूला का सामान अभी रास्ते में था। मालिक शुभम गुप्ता ने बताया कि झूला खड़ा होने लगा है। दो-तीन दिन में झूले के सारे आइटम तैयार हो जाएंगे। जलपरी आकर्षक का केंद्र होगा।
नपा ने विद्युत ठेकेदार को दिया नोटिस
ददरी मेला में प्रकाश व्यवस्था न होने पर अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। नगर पालिका परिषद की तरफ से प्रकाश की जिम्मेदार कार्यदायी संस्था को नोटिस थमाया गया है। इसके चलते शुक्रवार को खंभे लगाने व तार खींचने का कार्य जारी रहा।
मेला मार्ग तैयार न होने से नाराजगी
ददरी मेले में मार्ग तैयार न होने से व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन को मेला मार्ग दुरूस्त कर देना चाहिए था। मेले में आने वाले बड़े वाहन फंस जा रहे हैं, जिससे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्नाव से आए नदीम ने बताया कि मेला क्षेत्र में ट्रक फंस गया है। अब वहीं पर सामान उतारना पड़ रहा है। फिर वहां से लाने में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
वेंडिंग जोन की नीलामी संपन्न, 3.20 लाख अधिक लगी बोली
बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला परिसर में शुक्रवार को वेंडिंग जोन की खुली नीलामी प्रशासनिक अधिकारियों की देखरेख में हुई। इसमें तीन फर्मों के मालिकों ने भाग लिया। मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज की अध्यक्षता में गठित समिति के समक्ष नीलामी की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ की गई। नीलामी की प्रक्रिया को आम जनता के अवलोकन हेतु यू-ट्यूब पर लाइव प्रसारित किया गया। नीलामी में कुल तीन फर्मों एसके कंस्ट्रक्शन, उमाशंकर एवं कपिलेश्वरी फर्म ने प्रतिभाग किया। इस दौरान वेंडिंग जोन की सर्वाधिक बोली 7.85 लाख लगाई गई, जो पिछले वर्ष (2024) की प्राप्त राशि 4.65 लाख की तुलना में 3.20 लाख अधिक है। नीलामी में सीआरओ त्रिभुवन, ईओ सुभाष कुमार, भोला ठाकुर समेत आदि मौजूद थे।
11 नवंबर को होगा जिला केशरी और खेलकूद
ददरी मेले में होने वाले जिला केशरी व खेलकूद कार्यक्रमों की घोषणा प्रशासन ने कर दी है। 11 नवंबर को जिला केशरी का आयोजन किया गया है। खेलकूद में 12 नवंबर को वालीबाल, 13 को हाकी व 14 को फुटबाल का खेला होगा।
भोजपुरी नाइट्स, कमेडी नाइट्स संग होगा बाॅलीवुड नाइट्स
ऐतिहासिक ददरी मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथि घोषित हो गई है। भारतेंदु कला मंच पर 14 नवंबर से संत समागम होगा। वहीं 16 नवंबर को भोजपुरी नाइट्स, 18 को लोकसंगीत, 20 को मुशायरा, 23 को लोकनृत्य एवं लोक गायन, 24 को बलिया नाइट्स, 26 को कामेडी नाइट्स, 28 को कवि सम्मेलन व 30 नवंबर को बालीबुड नाइट्स के साथ कार्यक्रमों का समापन होगा।
ददरी मेले को सजाने का कार्य चल रहा है। दो दिनों के अंदर मेला तैयार हो जाएगा। इसके लिए डीएम ने संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिया है। मेला पूरी भव्यता के साथ लगेगा। -त्रिभुवन, सीआरओ।