कमिश्नर एमकेएस सुंदरम ने रविवार की देररात मुख्य विकास अधिकारी के बालाजी के साथ जिला अस्पताल, कोतवाली और सिविल लाइन पुलिस चौकी का औचक निरीक्षण किया। सब कुछ ठीकठाक मिला। इसके बाद रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टेशन पर ठंड से कांप रहे गरीब और असहाय लोगों में कंबल भी बांटा।
कमिशभनर ने सीडीओ के साथ रात 11 बजे अचानक जिला अस्पताल की इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया। जहां चिकित्सक काम करते पाए गए। इस दौरान आयुक्त ने आर्थो सर्जन को बुलाया तो सर्जन त्वरित पहुंच गए। इस पर आयुक्त ने दोनाें चिकित्सकों समय से उपस्थित होने और अपने कार्य के प्रति समर्पण पर प्रशंसा की।
निरीक्षण के दौरान एंबुलेंस से आए डायरिया पीड़ित बच्चे के इलाज के लिए आयुक्त ने निर्देश दिया। साथ ही सहतवार थाना क्षेत्र से मारपीट में पीड़ित परिवार से घटना के बारे में पूछताछ की। इस पर पीड़ित ने बड़े भाई द्वारा माता-पिता और भाई-बहन की पीटने की शिकायत की।
इस पर आयुक्त ने तत्काल थानाध्यक्ष सहतवार को मामले की जांचकर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद आयुक्त कोतवाली और सिविल लाइन चौकी पर पहुंचे और निरीक्षण किया। साथ ही कोतवाली प्रभारी को जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण के साथ अपने दायित्वाें का निर्वहन ईमानदारी पूर्वक करने को कहा।