संवाद न्यूज एजेंसी
बलिया। बिहार से आने वाले बालू लदे ट्रकों के नंबर प्लेट पर पेंट या कालिख पोतकर चालक करीब साढ़े चार लाख रुपये का आईएसटीपी (इंटर स्टेट ट्रांजिट पास) शुल्क की चोरी कर रहे हैं। यूपी-बिहार बॉर्डर स्थित भरौली गोलंबर पर ट्रकों की जांच तीन शिफ्ट में होती है।
शिफ्ट खत्म होते ही कर्मचारी चले जाते हैं। करीब 30 मिनट के अंतराल में दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी पहुंचते हैं। इसी का फायदा उठाकर बालू लदे करीब 40-50 ट्रक जिले में प्रवेश कर जाते हैं।
इस तरह 24 घंटे में 120-150 ट्रक बिना राजस्व चुकाए गुजर जाते हैं। यहां 4 एआई कैमरे लगे हैं, लेकिन नंबर प्लेट पर पेंट व कालिख लगी होने के कारण ये ट्रक पकड़ में नहीं आते हैं। राजस्व विभाग के अनुसार, एक ट्रक से 2500-3000 रुपये का राजस्व वसूला जाता है।
पिछले दिनों जिलाधिकारी के निर्देश पर खनन अधिकारी सौरभ कुमार के नेतृत्व में गोलंबर पर सख्ती की गई थी।
दो महीने में 32 ट्रक चालकों/मालिकों और 8 मुखबिरों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। 744 ट्रकों से 10 करोड़ से अधिक का राजस्व वसूला गया था। इसके बाद निगरानी के लिए सुबह 8 बजे, शाम 4 बजे और रात 12 बजे की तीन शिफ्ट में राजस्व व खनन विभाग के चार कर्मचारी तैनात किए गए, एक पुलिसकर्मी को सहयोग के लिए तैनात किया गया।
कर्मचारियों की लापरवाही का फायदा राजस्व चोरी करने वाले ट्रक चालक उठा रहे हैं। शिफ्ट खत्म हो जाने पर कर्मचारी पोस्ट छोड़कर चले जाते हैं, करीब आधे घंटे के अंतराल में दूसरी शिफ्ट के कर्मचारी पहुंचते हैं। इस दरम्यान बालू लदे ट्रक बाॅर्डर के उस पर बक्सर में ड्यूटी बदलने का इंतजार करते हैं। बिना बैरियर की इस चेक पोस्ट को खाली देखकर चालक ट्रक लेकर निकल जाते हैं।