बीते दिनों हल्दी थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस के खुलासे के विरोध में गुरुवार को भाजपाजन पूर्व विधायक राम इकबाल सिंह के नेतृत्व में सड़क पर उतर आए और शासन-प्रशासन के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। इस दौरान भाजपाजनों ने रसड़ा के प्यारे लाल चौराहा और हल्दी थाना अंतर्गत भरसौता चट्टी के पास चक्काजाम कर धरना सभा किया। इस दौरान बलिया-रसड़ा और बलिया-बैरिया मार्ग पर दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
रसड़ा प्रतिनिधि के अनुसार भाजपा कार्यकर्ताओं ने रसड़ा के प्यारेलाल चौराहे पर करीब आधे घंटे तक राजधानी मार्ग को जाम कर दिया। जिससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गईं। वहीं यात्रियों को अपने गंतव्य तक जाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस मौके पर उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए फायर ब्रांड नेता रामइकबाल सिंह ने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ अराजकता का माहौल कायम हो चुका है।
जिसका परिणाम है कि हल्दी के एक गांव में युवती के साथ रेप कर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। जिसका खुलासा पुलिस ने जल्दबाजी में कर महज खानापूर्ति की है। उन्होंने हत्या की जांच सीबीआई से कराकर पीडि़ता के परिवार को 50 लाख मुआवजा दिया जाय। इसीक्रम में पूर्व नगर अध्यक्ष संदीप सोनी ने कहा कि हल्दी की पीडि़ता को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक प्रदेश सरकार के विरुद्ध धरना जारी रहेगा।
इस मौके पर सत्यवीर सिंह, दिनेश तिवारी, सुभाष चौहान, अतुल सोनी, अविनाश सोनी, लाल बहादुर राजभर, त्रिलोकी सिंह, सुरेश पांडेय, अंकित सिंह, दिलीप पांडेय, विश्वनाथ सिंह, मंटू सिंह आदि मौजूद रहे। हल्दी प्रतिनिधि के अनुसार भाजपाजनों ने गुरुवार को हल्दी पुलिस चौकी के समीप एनएच-31 को करीब आधे घंटे तक जाम रखा। जिससे आवागमन बाधित रहा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार को आड़े हाथों लिया। करीब आधे घंटे बाद मौके पर पहुंचे सदर एसडीएम रामानुज सिंह ने आश्वासन दिया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ।