बलिया-बांसडीह मार्ग स्थित शाहपुर गांव के समीप सोमवार की रात लग्जरी वाहन व बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर देख दोनों युवकों को चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वाहन में मिले सपा के हैंडबिलों को देख लग रहा है कि ये चुनाव प्रचार की गाड़ी थी।
बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के टकरसन निवासी विदेशी राम के घर से सोमवार को बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के घोघा निवासी पंकज कुमार राम के घर तिलक गया था। इसमे कई लोग सम्मिलित होने के लिए गांव सहित रिश्तेदार गए थे। सोमवार की रात बाइक से तीन युवक आ रहे थे। इसी बीच बांसडीह बलिया मार्ग स्थित शाहपुर गांव के पास एक लग्जरी वाहन और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इसमें बाइक सवार पंकज गोंड (25) की मौके पर मौत हो गई। दो युवक प्रेम राम (22) टकरसन और सोनू (21) निवासी मनियारी जसाव गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
11 नवंबर को हुई थी शादी
बांसडीह रोड। पंकज गोंड की बीते 11 नवम्बर 2020 में विद्यावती से शादी हुई थी। पंकज अपने दोस्त प्रेम राम की बहन के तिलक कार्यक्रम में घोघा गया था। सोमवार की देर रात सड़क हादसे में पंकज गोंड की मौत हो गई। मृतक के दो माह का पुत्र प्रीतम है। पत्नी विद्यावती का रोते रोते बुरा हाल था। तीन भाइयों में बड़ा पंकज था। दूसरा धीरज सबसे छोटा सूरज है। एक बहन कुमारी पूनम है।