शनिवार की सुबह बैरिया लालगंज मार्ग पर राजनारायण सिंह के कटरा स्थित पूर्वांचल ग्रामीण बैंक के शाखा का ताला पूरी रात खुला रहा। सुबह जब ग्रामीणों ने इसकी सूचना दूरभाष से रिजनल मैनेजर को दी तो उन्होंने शाखा प्रबंधक से बात की। वह भागे-भागे गए और बैंक में ताला बंद कर वापस चले गए।
क्षेत्र के बैरिया-लालगंज मार्ग स्थित राजनारायण सिंह के कटरे में पूर्वांचल ग्रामीण बैंक वर्षों से संचालित है। शुक्रवार को अपने कार्य को निपटाने के बाद कैशियर गुप्तेश्वर घर चले गए। जबकि शाखा प्रबंधक अशोक वर्मा कार्यों को निपटाने के लिए देर रात तक बैंक में कार्य करते रहे।
काम समाप्त होने के बाद बैंक खुला छोड़कर घर चले गए। शनिवार सुबह जब गांव के लोग टहलने निकले तो देखा कि बैंक का गेट खुला है। लोग जब बैंक के दरवाजे पर पहुंचे तो देखा कि अंदर कोई भी नहीं है। धीरे-धीरे लोगों की भीड़ लग गई। किसी ने इसकी सूचना रिजनल मैनेजर आरएन गुप्ता को दूरभाष पर दी।
रिजनल मैनेजर ने शाखा प्रबंधक को फोन कर घटना की जानकारी दी। प्रबंधक तत्काल बैंक पहुंचे और ताला बंद कर घर चले गए। आसपास की लोगों की मानें तो इस तरह की यह तीसरी घटना है। इससे बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। इस बाबत रिजनल मैनेजर आरएन गुप्ता ने कहा कि घटना की जानकारी ग्रामीणों की सहयोग से हुई है। मामले की जांच का निर्देश दिया गया है। जांच के बाद दोषी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। वैसे बैंक में सब कुछ सुरक्षित है।