हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए 350 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें जिले के राजकीय, अनुदानित, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के अध्यापकों की ड्यूटी लगाकर समस्त परीक्षा केंद्रों पर आवंटित कर दिया गया है। परीक्षा केंद्रों से सूचना प्राप्त हो रही है कि ड्यूटी पर तैनात अध्यापक अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी नहीं कर रहे हैं।
इसकी जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश कुमार सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी है। कहा है कि ऐसे में जिले के समस्त माध्यमिक विद्यालय ड्यूटी पर तैनात अध्यापकों को कार्य मुक्त करते हुए उन्हें आवंटित परीक्षा केंद्रों पर योगदान प्रस्तुत करें।
अन्यथा की स्थिति में योगदान प्रस्तुत नहीं करने वाले अध्यापकों का वेतन उन्हें अनुपस्थित मानते हुए बाधित रहेगा। वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य और प्रबंधक को भी निर्देशित किया गया है कि यदि उन्हें कार्यमुक्त कर अधोहस्ताक्षरी को अवगत नहीं कराया जाता है, तो विभागीय आदेश के अवहेलना में प्रबंधक और प्रधानाचार्य के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराया जाएगा। कहा है कि यदि किसी को ड्यूटी न प्राप्त हो तो कंट्रोल नंबर 05498220660 पर बात करे।