कलेक्ट्रेट में चल रहे लेखपाल तथा होमगार्ड के आंदोलन के क्रम में बुधवार को कर्मचारी नेताओं ने जिला अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर करीब 15-बीस मिनट के लिए अन्य सारी सेवाएं बाधित कर दी। उधर अनशन पर बैठे लेखपाल निर्भय नारायण सिंह की हालत बिगड़ने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के कान खड़े हो गए और प्रभारी जिलाधिकारी एडीएम बच्चा लाल मौर्य ने लेखपाल तथा होमगार्ड की मांग मानते हुए अनशन पर बैठे लोगों को जूस पिलाकर उनका अनशन तुड़वाया।
इस दौरान कर्मचारी नेता बलवंत कुमार सिंह ने कहा कि फिलहाल हमलोग जिला प्रशासन के आश्वासन को मानते हुए भले ही अनशन तोड़ रहे हैं लेकिन जल्द ही मांगों पर विचार करते हुए कार्रवाई नहीं की गई तो दोबारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। उधर संयुक्त कर्मचारी चिकित्सा स्वास्थ्य के अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह तथा महामंत्री अरूण कुमार सिंह के अध्यक्षता में जिला अस्पताल में स्वास्थ्य कर्मियों की आपात बैठक आहूत की गई।
जिसमें निर्णय लिया गया कि कर्मचारी हितों को देखते हुए लेखपाल तथा जिला होमगार्ड संघ के न्यायोचित मांगों को जिला प्रशासन द्वारा यथा शीघ्र पूरा नहीं कराया गया तो बाध्य होकर चिकित्सा महासंघ संगठनात्मक कार्रवाई करने पर विवश होगा। इस मौके पर कृष्ण कुमार शर्मा, अंजनी सिंह, एसके ओझा, हरिशंकर शुक्ला, आरके सिंह, जितेंद्र कुमार, मनोज कुमार, रणधीर सिंह, शंभू सिंह, देवप्रकाश सिंह, आशुतोष राय आदि उपस्थित रहे।