मनरेगा के जाब कार्डधारकों को अभी भी आधार नंबर से नहीं जोड़े जाने के मामले में सीडीओ ने बैरिया बीडीओ के खिलाफ बुधवार को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। आधार नंबर को लेकर सीडीओ बेहद गंभीर हैं और उन्होंने यह भी कहा है कि जनपद के सभी ब्लॉकों की आधार कार्ड फीडिंग की जांच कराई जाएगी। अंतर वृहद मिलने पर कार्रवाई होगी।
केंद्र सरकार द्वारा सरकारी दस्तावेजों के साथ आधार नंबर अनिवार्य का फरमान जारी करने के बाद भी अधिकारिक स्तर पर लापरवाही के कारण अभी भी आधार कार्ड लक्ष्य के सापेक्ष फीडिंग नहीं हो पाई है। इस लेकर बीते दिनों तहसील दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी गोविंदराजू एनएस के यहां कई शिकायतें आई। जिसमें सबसे अधिक बैरिया ब्लाक की शिकायत थी। इसको गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच सीडीओ को सौंपी गई। सीडीओ अपने यहां से जांच डीडीओ को फारवर्ड किया।
इसके बाद पाया गया बैरिया ब्लाक में अभी तक मात्र 50 प्रतिशत ही फीडिंग हो पाई है। ऐसे में सीडीओ संतोष कुमार ने बैरिया बीडीओ अवधेश कुमार सिंह के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की है। सीडीओ संतोष कुमार ने बताया कि कार्यों में लापरवाही क्षम्य नहीं है। जितने भी मामलों में कार्रवाई पेंडिंग में चल रही है, सबका निस्तारण होगा। उन्होंने बताया आधार कार्ड से जुड़नी एक अच्छी पहल है और एक जिम्मेदारी अधिकारी की ड्यूटी ही नहीं बल्कि नैतिक कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों के मनरेगा जाब कार्डधारकों को आधार से लिंक करना अत्यावश्यक है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।