बलिया। बैरिया पुलिस शुक्रवार को जिस शराब की खेप को पकड़ने का दावा कर रही थी, उसे बिहार के मद्य निषेध विभाग ने पकड़ कर जेपी नगर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद व सिपाहियों को सौंपी थी। गुरु प्रसाद ने शराब से भरी पिकअप से महंगी शराब हटाकर उसकी जगह सिर्फ 15 पेटी 8 पीएम की बरामदगी दिखाई। अन्य शराब को बड़े शराब तस्करों को बेचे जाने की चर्चा रही।
बिहार के अधिकारियों की शिकायत पर डीआईजी के सख्त तेवर पर जांच पड़ताल के बाद एसपी ने जेपी नगर चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद और चार सिपाहियों को निलंबित कर दिया। एडीजी-डीआईजी व एसपी के तमाम कार्रवाइयों के बावजूद बार्डर के थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों व शराब तस्करों से सांठगांठ कम होने की जगह बढ़ती जा रही है। तस्कर धड़ल्ले से अंग्रेजी शराब की खेप बिहार पहुंचा रहे हैं।
बिहार में शराब बंदी होने से भारी मांग होने पर तस्कर पुलिस की निगरानी को धता बताकर या सांठगांठ कर शराब की खेप को नदी के पार पहुंचा रहे हैं। तस्करी बढ़ने पर बिहार बिहार के मद्य निषेध विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू की। 30 से 40 पेटी शराब पकड़कर बिहार की आबकारी पुलिस ने जेपी नगर चौकी प्रभारी को सौंपी थी। लेकिन जेपी नगर चौकी प्रभारी ने 15 पेटी की बरामदगी दिखाई थी।
मामले का वीडियो भी वायरल हुआ। इसका डीआईजी ने संज्ञान लिया। एसपी को कार्रवाई का निर्देश दिया था। शुक्रवार की देर रात सीओ उस्मान अहमद बैरिया थाना प्रभारी के साथ जेपी नगर पुलिस चौकी प्रभारी व तीन चार जवानों को एसपी के यहां पेशी कराई। इसके बाद जेपी नगर चौकी प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया था। तस्करी व अवैध कारोबार में संलिप्तता को लेकर पिछले पांच माह में 45 से अधिक पुलिसकर्मियों पर गाज गिर चुकी है।