ठंड का प्रकोप अब बढ़ने लगा है। पारा भी दिनोंदिन गिरने लगा है। कोहरे के बीच अब चंद घंटे के लिए धूप निकल रही है। वाहनों की रफ्तार जहां धीमी पड़ गई है, वहीं ट्रेनें भी घंटों विलंब चल रही है। सड़क की पटरियां, स्टेशन, रोडवेज के किनारे गुरबत में जीने वाले लोग ठिठुरन की जिंदगी जी रहे हैं।
राहगीर भी परेशान है। लेकिन जिला प्रशासन और नहीं नगर पालिका की ओर से अभी तक कहीं भी अलाव नहीं जलाया गया। मंगलवार को अन्य दिनों की अपेक्षा कोहरा के साथ गलन भी रहा। ऐसे में लोगों ने बोरसी, हीटर और अलाव का सहारा लिया। जिले में बीते दो दिसंबर से ठंड का प्रकोप शुरू हो गया है।
मंगलवार को शीतलहरी के कारण गलन बढ़ गई है। सुबह छाया कोहरा दोपहर 11 बजे तक रहा, दोपहर करीब 12 बजे हल्की धूप दिखी तो लोगों ने राहत की सांस ली। जिले का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तथा अधिकतम 23 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को स्कूलों में अवकाश होने के कारण बच्चों के लिए राहत रही, उन्हें ठंड में ठिठुरकर स्कूल नहीं जाना पड़ा।
पटना मौसम विभाग के अनुसार, अभी कोहरा और गलन दो-तीन दिनों तक जारी रहेगा। अगले सप्ताह तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। उधर, ठंड बढ़ने के बाद भी जनपद में अभी तक न कहीं कंबल का वितरण शुरू किया गया है और नहीं कहीं अलाव ही जलाया जा रहा है। जिससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।