बैरिया थाना क्षेत्र के एक गांव में एक महिला को डायन बताते हुए निर्वस्त्र करके खंभे से बांधकर पीटा गया और उसके बाल काट दिए गए। अंधविश्वासी पड़ोसियों ने उस पर तंत्र-मंत्र कर अपने घर के युवक की जान लेने का आरोप लगाया था। पुलिस ने नौ महिलाओं समेत 14 लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
करीब तीन माह पूर्व गांव करमानपुर निवासी छोटेलाल वर्मा का 18 वर्षीय अंकुश वर्मा की मौत संदिग्ध हाल में हो गई थी। मृतक के घर वालों का आरोप था कि पड़ोस की महिला ने ही तंत्र-मंत्र और टोना कर उसकी जान ली है। इसी को लेकर छोटेलाल का परिवार काफी दिनों उबल रहा था।
रविवार को तड़के पीड़ित महिला खेत की तरफ जा रही थी। तभी उसके पड़ोसी परिवार के लोगों ने उसे पकड़ लिया और खींच कर अपने घर में ले गए। उसे डायन बताते हुए एक खंभे में बांध दिया और निर्वस्त्र कर जमकर पीटा। इसके बाद उसके बाल काट दिए। इसके बाद वो लोग पीड़ित महिला को दुर्जनपुर स्थित सायर देवी के स्थान पर ले जा रहे थे कि सूचना पाकर पुलिस ने रास्ते में ही उन्हें पकड़ लिया।
थाने में पीड़ित महिला ने गांव के 14 लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नौ महिलाओं सहित 14 लोगों के विरुद्ध दलित उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पकड़ी गई तीन महिलाओं दुलारो देवी, सुनेश्वरी देवी और उषा देवी को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का पति बंगलूरू में एक निजी कंपनी में काम करता है। उसके पांच बच्चे हैं जिनमें 4 लड़कियां हैं और एक पुत्र है।