बांसडीहरोड। हल्दी थाना क्षेत्र के सहतवार मार्ग पर बिगही गांव के समीप शनिवार की देर शाम बाइक सवार बदमाश एक किशोर को मारपीट कर मोबाइल छीन लिए और फरार हो गए। इस मार्ग पर बढ़ते छिनैती की वारदातों से क्षेत्रवासियों में दहशत व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सहित पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट इस ओर कराया है।
बताया जाता है कि बिगही गांव निवासी जितेंद्र (15) पुत्र नंदजी वर्मा शनिवार की देर शाम खेत से घर वापस आ रहा था। तभी उसे बाइक सवार तीन बदमाशों ने मारपीट घायल कर दिया और मोबाइल छिनकर भाग निकले। घायल जितेंद्र के चिल्लाने पर मौके पर जुटे लोगों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। ग्रामीणों का आरोप है कि चार दिन के अंदर मार्ग पर बदमाशों ने छिनैती की दो घटनाओं को अंजाम दिया है। इसके बावजूद पुलिस मूकदर्शक बनी है। चौकी इंचार्ज रोहुआ रविंद्र पटेल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों मामलों में तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी। बताया कि बदमाशों द्वारा छीने गए मोबाइल को सर्विलांस पर लगाया जाएगा।