बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार देर शाम खेतों में घूमने गए छह वर्षीय बालक के साथ किशोर द्वारा कुकर्म का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पीड़ित बच्चे को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, इस मामले में देर रात तक थाने में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। अभी तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही केस दर्ज किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव में छह वर्षीय बालक अपने ननिहाल आया था। बृहस्पतिवार शाम वह खेतों की ओर चला गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद गांव के ही एक किशोर ने उसके साथ अश्लील हरकत शुरू की, विरोध करने पर उसके साथ कुकर्म किया। बालक ने घर लौटकर मां और ननिहाल के लोगों को जानकारी दी। परिजन तब आरोपी के घर शिकायत करने पहुंचे तो दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मारपीट की नौबत आ गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया और दोनों पक्षों को थाने ले आई। थाने में भी दोनों पक्षों में देर रात तक हंगामा चलता रहा। थाना प्रभारी आरएस नागर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से तहरीर दी गई है। बालक को मेडिकल कराने के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।