लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र अंतर्गत बहुआरा गांव निवासी किशोर भानु पांडेय (17) को एक सांड़ ने शनिवार को हमला कर घायल कर दिया। परिजनों ने सीएचसी पहुंचाया। इसके पहले भी सांड़ के हमले में छह लोग घायल हो चुके हैं।
ग्रामीणों ने सांड़ की सूचना जिलाधिकारी व उपजिलाधिकारी बैरिया को दी। डीएम के निर्देश पर वन विभाग की टीम सांड़ को बेहोश कर वाहन से गांव के बाहर ले गई। ग्रामीणों ने बताया कि बहुआरा गांव निवासी किशोर भानु पाण्डेय (17) को सांड़ ने शनिवार को हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोर को सीएचसी सोनबरसा पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल फिर वाराणसी स्थित ट्राॅमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। जहां उसका उपचार चल रहा है। सांड़ के हमले से एक सप्ताह में बहुआरा निवासी श्रीनिवास तिवारी व उनकी पत्नी, भीम सिंह, राहुल राम को घायल कर दिया था। दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने इसकी सूचना जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी बैरिया को दी थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर वन विभाग की टीम रविवार को गांव पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद सांड़ को बेहोश कर काबू में किया। ग्रामीणों के अनुसार वन विभाग की टीम सांड़ को पिकअप वाहन में लादकर अपने साथ ले गई। सांड़ के गांव से बाहर जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली।