मनियर। छितौनी गांव के नहर के पास शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे ट्रक को ओवरटेक करते समय बाइक असंतुलित हो गई। इससे बाइक सवार घायल हो गया। बाइक पर पीछे बैठी किशोरी ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले गये, जहां डाक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
मनियर कस्बा के उत्तर टोला वार्ड नंबर-6 निवासी अशोक ठाकुर की 16 वर्षीय पुत्री खुशबू अपने ममेरे भाई सागरपाली निवासी संदीप वर्मा के साथ बाइक से अपनी बहन के यहां बांसडीह रोड क्षेत्र के आसचौरा जा रही थे। मनियर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव में नहर के पास ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से दूसरी बाइक आती दिखी। संदीप की बाइक असंतुलित हो गई और ट्रक के धक्के से दाईं तरफ गिर गई। पीछे बैठी किशोरी ट्रक के पहिए के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गयी। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायलों को पीएचसी मनियर पहुंचाया, जहां डाक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया।