छेड़खानी के मामले में सुलह नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने से आहत किशोरी ने मंगलवार को आत्महत्या के लिए बैरिया में मगई नदी में छलांग लगा दी। हालांकि बैरिया गांव के युवाओं ने नदी में तैर कर किशोरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूछताछ के बाद किशोरी को ग्रामीणों ने थाने भेज दिया।
यह है मामला
रविवार को थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी लक्ष्मणपुर चट्टी से सामान खरीद कर अपने छोटी बहन के साथ गांव जा रही थी। चार युवाओं ने किशोरी को जबरदस्ती सागौन के बागीचे में लेकर चले गए थे। छेड़खानी की। लड़की ने विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। किशोरी ने घर पहुंच कर परिजनों से आपबीती बताई। भाई अपनी बहन को लेकर थाने पहुंचा। कथित महाकाल ग्रुप के चार सदस्यों के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत की। इस बीच आरोपी पक्ष मामले में सुलह के लिए पीड़ित परिवार पर दबाव बनाने लगे, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे।
सोमवार को पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर एक आरोपी सचिन राम को गिरफ्तार कर लिया। तीन अन्य आरोपियों को किशोरी पहचानती नहीं थी, इसलिए पुलिस आरोपियों को तलाश में जुटी है। आरोप है कि सोमवार की रात पिपरा कलां के एक व्यक्ति ने पीड़ित परिवार को फिर सुलह के लिए धमकी दी। इससे आहत किशोरी ने बैरिया में पुल से मगई नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय युवाओं ने उसे बचा लिया। पुलिस ने सीएचसी नरही पर किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया है।