दुबहर। कोतवाली थाना क्षेत्र के जनेश्वर मिश्र सेतु के नीचे सरपत के बीच में 16 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर किशोरी अचेत अवस्था में मिली। लोगों की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया।
शिवपुर दियर नंबरी पुलिस चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला कि किशोरी को पढ़ाई-लिखाई को लेकर परिजनों ने डांट दिया था। मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह घर से निकलकर जनेश्वर मिश्र सेतु के नीचे पहुंच गई और वहां किसी नशीले अथवा जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे वह बेहोश होकर सरपत के बीच गिर पड़ी। घटना की जानकारी उस समय हुई जब आसपास के लोगों ने घने सरपत में एक किशोरी को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
सूचना मिलने के बाद मैं मौके पर पहुंचा और किशोरी को जिला अस्पताल भेजा गया। आसपास के गांवों और विभिन्न सोशल मीडिया समूहों में किशोरी की तस्वीर साझा की।
कुछ ही समय में उसकी पहचान दुबहर क्षेत्र के एक गांव की निवासी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। संवाद