बलिया। कोरोना से बचाव को लेकर जहां स्वास्थ्य विभाग सक्रिय है वहीं कुछ टीमें इसमें उदासीनता बरत रही हैं। नगर के जंगेअली और बहेरी गांव में शुक्रवार को जांच करने वाली टीम पेड़ के नीचे बैठी हुई मिली। टीम कुछ लोगों की मिलीभगत से मनमाफिक रिपोर्ट बनवा रहे थे। यह तब खुलासा हुआ जब स्वास्थ्य टीम की जांच करने अधिकारी पहुंचे। उन्होंने इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है।
देश व प्रदेश में प्रतिदिन कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं। शुक्रवार को घर-घर जांच को बनी टीमों की जांच करने पहुंचे जिला होम्योपैथिक अधिकारी डा. सरोज गुप्ता शहर के मोहल्ला जंगेअली व शहर से सटे गांव बहेरी पहुंचे तो स्वास्थ्य टीम द्वारा बताया गया कि पुलिस की व्यवस्था नहीं है। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से स्वास्थ्य टीम को भारी मात्रा में फोर्स उपलब्ध करा दिया गया। बावजूद इसके टीम प्रत्येक घर जांच करने के बजाए एक व्यक्ति के सहयोग से एक स्थान पर बैठकर जांच करती पाई गई, जो घोर लापरवाही मानी जाएगी। डा. सरोज ने इसकी रिपोर्ट जिलाधिकारी को दी है।