आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन नगर के बापू भवन टाउन हाल के सभागार में बुधवार को आयोजित किया गया। इसमें शिक्षकों को आपदा से निबटने की जानकारी दी गई। साथ ही इसे बच्चों और आम लोगों से साझा करने को कहा गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी मुरली मनोहर लाल ने कहा कि बेसिक शिक्षा के अध्यापक सतर्कता को जनता तक पहुंचने के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। कहा कि आपदा से बचाव के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण का संदेश जनता तक पहुंचाएं।
कहा कि छोटी से छोटी आपदा को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। इसके लिए तात्कालिक रूप से निर्णय लिया जाना महत्वपूर्ण है। कहा कि जनपद आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से सक्षम है।
एडीआरएफ टीम से एडीएम केपी सिंह ने आपदा से निपटने के लिए तैयारियों का जायजा लिया। कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी केपी सिंह ने आपदा से प्रभावित ग्रामों की जानकारी देते हुए बताया कि 120 गांवों में अगले साल 15 तक ट्रेनर के माध्यम से ट्रेनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा 164 गांवों में 50-50 की संख्या में युवाओं को भी प्रशिक्षित किया गया है। इस मौके पर एनडीआरएफ के उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश यादव तथा अन्य जवानों ने संबोधित किया। मुख्य प्रशिक्षक अशोक सेठ, जिला सेवायोजन अधिकारी एके पांडेय, बीएसए राकेश सिंह ने संबोधित किया।