प्रकरण में बीएसए ने दो खंड शिक्षाधिकारियों को मामले की जांच सौंपी थी। वहीं, दोनों पक्षों की तहरीर पर गड़वार पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया था। प्रधानाध्यापिका रंजना पांडेय की तहरीर पर सहायक अध्यापक मानवेंद्र सिंह, बलवंत सिंह , अरुण पांडे समेत एक अज्ञात पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
उधर मानवेंद्र सिंह सहायक अध्यापक की तहरीर पर प्रधानाध्यापिका रंजना पांडेय के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया था। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद प्राथमिक विद्यालय सवन राजभर बस्ती की प्रभारी प्रधानाध्यापक रंजना पांडेय एवं प्राथमिक विद्यालय डान्देपुर के सहायक अध्यापक मानवेन्द्र सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
चिलकहर बीआरसी पर बुधवार को प्रधानाध्यापिका रंजना पांडेय के साथ सहायक अध्यापक की हुई झड़प मामले में जिला महिला संघ ने अब आर-पार की लड़ाई का मूड बना लिया है। संघ का आरोप है कि मामले में पुलिस द्वारा पक्षपात पूर्ण कार्रवाई की गई।
प्रधानाध्यापिका की तहरीर पर मामूली धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। जबकि सहायक अध्यापक की तहरीर पर दलित उत्पीड़न का मामला बना कर प्राथमिकी लिखी गई है। जिला महिला शिक्षक संघ अपने पदाधिकारियों के साथ हुए दुर्व्यवहार के विरोध में जिलाधिकारी से मिलने और मामले की हकीकत से रुबरु कराने का निर्णय किया है।