टीडी कालेज चौराहे पर छात्रों में मारपीट होने के बाद उन्हे दौड़ाते चौक ी प्रभारी पंकज अंबष्ट।
नगर के टीडी कालेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन कार्य गहमागहमी के बीच हुआ। टेंपो हाई करने के चक्कर में दो छात्र गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें दो छात्र घायल हो गए। हालांकि पुलिस की सतर्कता से छात्रों में खूनी संघर्ष होने से बच गया। हालांकि इस मामले में किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
सोमवार की सुबह 10 बजे से ही टीडी कॉलेज में नामांकन शुरू हो गया। छात्रनेता अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए टीडी कॉलेज चौराहे पर जुट रहे थे। दोपहर करीब एक बजे अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सौरभ सिंह समर्थकों संग स्वतंत्रतासेनानी रामदहिन ओझा के प्रतिमा के पास सभा कर रहे थे। इसी दौरान अध्यक्ष पद के एक उम्मीदवार के समर्थकों ने लाठी-डंडे से उनपर हमला बोल दिया।
मौके पर पहले से तैनात सिविल लाइन चौकी प्रभारी ने तत्काल उपद्रवी छात्रों को दौड़ा लिया और कु छ छात्रों की पिटाई भी कर दी। जिससे नाराज छात्रों ने ईट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देखकर चौकी प्रभारी ने वायरलेस से पुलिस को अलर्ट करते हुए वज्र वाहन भी बुला लिया। कई थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
इस दौरान रोडवेज बस स्टैंड के समीप हनुमान मंदिर के पास सौरभ सिंह गुट के कुलदीप ओझा की लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी गई। वहीं टीडी कालेज चौराहे के पास दीपक तिवारी को पीट दिया गया। आनन-फानन में मौके पर पुलिस पहुंच गई। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां पर कुलदीप ओझा की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने बताया कि मारपीट में किसी के घायल होने की जानकारी मुझे नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है।