बलिया। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ सुनील सिंह परिक्षेत्र की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
डीआईजी ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर महिला अपराधों के आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई, हत्या, लूट, डकैती, गैंगरेप, गो तस्करी, वाहन चोरी और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने सनसनीखेज मामलों में प्रभावी पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने पर भी जोर दिया।
बैठक में ऑपरेशन दृष्टि के तहत अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने, ओवरलोड वाहनों के संचालन पर रोक, अवैध शराब के निष्कर्षण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा प्रमुख बाजारों, चौराहों और हाईवे पर रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण पर भी विशेष बल दिया गया।
डीआईजी ने विवेचनाओं में पारदर्शिता लाने के लिए ई-साक्ष्य एप के माध्यम से घटनास्थल की डिजिटल वीडियोग्राफी और जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही हिस्ट्रीशीटरों का डेटा यक्ष एप पर अपडेट करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक व राष्ट्रविरोधी सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने समयबद्ध ढंग से चार्जशीट दाखिल करने पर भी जोर दिया। इस दौरान एएसपी दक्षिण संजय वर्मा, उत्तरी दिनेश शुक्ला, सभी सर्किल के सीओ मौजूद रहे।