बलिया। रेलवे टिकटों की अनधिकृत बिक्री और दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी-फ्रॉड टीम ने बलिया रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र (पीआरएस) पर जांच की। टिकट दलाली के संदेह में एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
उसके पास से लोकमान्य तिलक टर्मिनस से खलीलाबाद का एक ओपनिंग टिकट और एक खाली फॉर्म बरामद हुआ।
टीम ने पूछताछ के बाद उसका बयान दर्ज किया और आवश्यक कार्रवाई के लिए रेलवे सुरक्षा बल को सौंप दिया। कार्रवाई एंटी-फ्रॉड टीम के निरीक्षक राजेश एस सिंह और आनंद राय के नेतृत्व में हुई।
जनसंपर्क अधिकारी, वाराणसी महेश गुप्ता ने बताया कि वाराणसी मंडल के विभिन्न स्टेशनों और आरक्षण केंद्रों पर टिकट दलाली रोकने के लिए औचक जांच और निगरानी की जा रही है।
अनधिकृत टिकट बिक्री या दलाली में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट अधिकृत काउंटर या रेलवे के निर्धारित माध्यमों से ही लें और दलालों से टिकट खरीदने से बचें।