सुखपुरा। कस्बा स्थित डाकघर को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए स्थान देखने पहुंचे निरीक्षक का स्थानीय लोगों ने घेराव कर लिया। आरोप लगाया कि वर्षों से चल रहे डाकघर को मनमाने तरीके से स्थानांतरित कराया जा रहा है। ज्ञापन देकर मांग की कि इसे यहीं पर बरकरार रखा जाए।
ग्रामसभा में मुख्य मार्ग के पास स्थित पुराने पंचायत भवन में कई वर्षों से किराए पर डाकघर का संचालन होता है। पिछले दिनों ग्राम प्रधान अभिमन्यु चौहान की ओर से इसे खाली कराने के लिए डाक अधीक्षक को नोटिस दिया गया था। कहा गया था कि उसे तुड़वाकर फिर से बनवाना है। इसके बाद डाक अधीक्षक के निर्देश पर डाक निरिक्षक रविंद्र कुमार शाह शुक्रवार को नए स्थान के चयन के लिए कस्बे में पहुंचे थे। उनके आने की जानकारी होने पर काफी संख्या में लोगों ने उनका घेराव कर लिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मनमाने तरीके से डाकघर को यहां से स्थानांतरित करने की साजिश रची जा रही है। यह डाकघर वर्षों से उसी जगह पर किराए पर चल रहा है। ग्राम सभा में कई दिनों पहले नया मिनी सचिवालय भी बनकर तैयार हो गया है। वहां से पंचायत स्तर के सभी कार्यों का संचालन भी हो रहा है। ग्रामीणों ने डाक निरीक्षक को ज्ञापन देकर मांग की कि डाकघर जहां है वहीं रखा जाए। यदि इसको अन्यत्र ले जाया जाएगा तो धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर बीडीसी सदस्य बसन्त सिंह, जनार्दन उपाध्याय, अबरार अहमद, सपना सिंह, राजू वारसी आदि लोग थे। डाक अधीक्षक संजय त्रिपाठी ने बताया कि प्रधान की ओर से कई दिनों से इसे खाली करने के लिए नोटिस भेजा जा रहा है। ऐसी स्थिति में नए स्थान की तलाश के लिए निरीक्षक को वहां भेजा गया था।