इंदरपुर। पिछले एक सप्ताह में चीनी के खुदरा दामों में 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। त्योहार के सीजन में आम उपभोक्ताओं की रसोई का बजट बिगड़ गया है। बाजार में जो चीनी पहले 45 रुपये प्रति किलो बिक रही थी, वह अब 60 से 65 रुपये प्रति किलो हो गई है। वहीं कुछ स्थानीय बाजारों में तो चीनी 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। क्या बोले आम लोग और व्यापारी नगर पंचायत नगरा निवासी गुड्डू अहमद ने कहा कि एक महीने में ही चीनी 20 रुपये महंगी हो गई। गरीब आदमी के लिए मिठाई बनाना, चाय में चीनी डालना भी मुश्किल हो गया है। शादी-ब्याह के घरों में चीनी सबसे ज्यादा लगती है, वहां सबसे ज्यादा दिक्कत होगी। सरयांबगडौरा निवासी संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि रिटेल में लगातार दाम बढ़ रहे हैं। थोक में भी तेजी है। स्टॉकिस्ट माल रोक रहे हैं जिसकी वजह से बाजार में कृत्रिम कमी पैदा हो गई है। प्रशासन को इस पर नजर रखनी चाहिए। नगर पंचायत नगरा निवासी रामू ठाकुर ने कहा कि त्योहार और शादियों का सीजन शुरू हो गया है। चीनी के दाम ऐसे ही बढ़ते रहे तो गरीब परिवार मिठाई और जरूरी सामान भी नहीं खरीद पाएंगे। सरकार को तुरंत दखल देनी चाहिए।
नगरा के कारोबारी विजय कुमार , कृपाशंकर बर्नवाल के अनुसार चीनी की कीमतों में तेजी के पीछे मिलों द्वारा कम उत्पादन, मांग में बढ़ोतरी और स्टॉक सीमित होना मुख्य कारण है। साथ ही शादी-विवाह और त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने से कीमतों में और तेजी की आशंका जताई जा रही है। उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि चीनी की कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि आम आदमी को राहत मिल सके।