बलिया। करीब एक माह से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलित छात्रों की मांग आखिर प्रशासन ने मान ही ली और शुक्रवार को छात्रसंघ चुनाव की दुदुंभी बज गई। प्राचार्य, छात्रनेता और अधिकारियों की दो राउंड में हुई बैठक के उपरांत जिलेभर के महाविद्यालयों में 20 दिसंबर को नामांकन और 24 दिसंबर को चुनाव कराने पर सहमति बनीं। यह जानकारी होते ही चुनाव कराने की मांग कर रहे छात्रों में खुशी की लहर दौड़ गई और मिठाई बांट कर खुशी का इजहार किया।
बता दें कि नगर के बीते एक माह से जिले भर के छात्र महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलित थे। इसके तहत उनके द्वारा कभी धरना-प्रदर्शन तो कभी क्रमिक अनशन आदि भी किया जा रहा था। हालांकि पहले जिला प्रशासन विश्वविद्यालय का निर्देश नहीं होने का हवाला देकर अपना पल्ला झाड़ लेता था, लेकिन विश्वविद्यालय छात्र आंदोलन को देखते हुए छात्रसंघ चुनाव कराने पर सहमति देने के उपरांत गेंद प्रशासन के पाले में थी,जिसका शुक्रवार को दो चरणों में हुई बातचीत में समाधान किया गया। पहले राउंड में एडीएम राजेश कुमार, एएसपी विजय त्रिपाठी के नेतृत्व में जिले भर के छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के अलावा जिले के सभी आठों महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक हुई, जिसमें लिंगदोह कमेटी के तहत चुनाव की तिथियों पर चर्चा हुई, लेकिन बात नहीं बनी। पुन: शाम चार बजे सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार के नेतृत्व में पुन: बैठक हुई, जिसमें 20 को नामांकन और 24 को चुनाव कराने पर सहमति बनीं। बैठक में टीडी कालेज के प्राचार्य ओपी सिंह, एससी कालेज के प्राचार्य अरविंद नेत्र पांडेय के अलावा छात्र नेता रोहित चौबे, प्रवीण सिंह, दीवान सिंह, धनंजय सिंह विशेन, हर्षित दूबे, सिंटू यादव, नीतेश यादव, सुजीत तिवारी आदि रहे।
छात्रसंघ चुनाव के लिए अनशन पर बैठे
दया छपरा। अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय दुबे छपरा में चुनाव की तिथि को घोषित करने के लिए विमलेश कुमार सिंह और वरुण कुमार मिश्र कालेज गेट पर शुक्रवार को आमरण अनशन पर बैठ गए। छात्रनेताओं का कहना है कि जब तक चुनाव की तिथि घोषित नहीं हो जाता तब तक यह आमरण अनशन अनिश्चितकाल के लिए चलता रहेगा। अनशन के समर्थन में सोनू मिश्र, रोशन दुबे, आशुतोष पांडेय, मैनेजर यादव, आनन्द यादव, यीशु सिंह, अभय सिंह लाखा, प्रमोद प्रकाश गौतम, अंकू पाल आदि रहे। प्रचार्य डा. गौरीशंकर द्विवेदी ने बताया कि प्रशासन से चुनाव की अनुमति नहीं मिल रही है। जैसा निर्देश होगा वो किया जाएगा।