पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक एवं जिला पंचायत संचालन के त्रिसदस्यीय समिति के सदस्य नागेंद्र बहादुर सिंह का अनशन चौथे दिन रविवार को भी जारी रहा लेकिन प्रशासन द्वारा उनके चार सूत्रीय मांगों पर अब तब कोई विचार नहीं किया। ऐसे में अब पूरी तरह से छात्रों ने सोमवार को छात्र कर्फ्यू और बंदी को लेकर तैयारी पूरी कर ली है।
छात्र कर्फ्यू और बंदी को सफल बनाने के लिए रविवार को छात्रों ने बाइक जुलूस निकाला।
नगर भ्रमण कर छात्रों ने दूकानदारों से दूकान बंद रखने की अपील की। बाइक जुलूस कलेक्ट्रेट पहुंचा। अनशन स्थल पर सभा को संबोधित करते हुए पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के जिला संयोजक मानवेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि यह लड़ाई छात्रों की जनतांत्रिक लड़ाई है।
उन्होंने विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक दलों और संगठनों से बंदी में सहयोग करने की अपील की। टीडी कालेज के पूर्व अध्यक्ष प्रभुनाथ चौहान और पूर्व महामंत्री राणा प्रताप यादव दाढ़ी ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि ये जिले में कानून का शासन नहीं बल्कि पैसे का शासन चल रहा हैं।
इसके चलते कानून-व्यवस्था की हालत खराब होती जा रही है। कहा कि पुलिस कप्तान और शहर कोतवाल का निलंबन नहीं हुआ तो ये सरकार की छवि और खराब करके रख देंगे। मौके पर राकेश सिंह टिंकू, किशन प्रताप सिंह, अभिषेक यादव, जावेद कमर खां, मिथिलेश यादव मोती, श्रीकांत यादव, मनोज यादव, उपेंद्र सिंह मुकुंडी, शंभू यादव, रणजीत निहाल, चंदन यादव सुधीर, कृष्ण प्रताप यादव आदि मौजूद रहे।